रसूलाबाद (कानपुर देहात)। कस्बे के पहाड़पुर गांव में घर के लोग शादी की तैयारियों में जुटे थे। इसी दौरान बीते मंगलवार की रात खाना बनाते समय सिलिंडर से गैस का रिसाव होने से आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों से घर की गृहस्थी व चढ़ावा आदि सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। आग बुझाने के प्रयास दूल्हा व उसके भाई समेत तीन लोग झुलस गए। झुलसे हुए लोगों को इलाज के लिए कानपुर भेजा गया है। दूल्हे के बड़े भाई की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है।
रसूलाबाद थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव की जय देवी ने बताया कि उनके छोटे पुत्र सिंटू की शादी सचेंडी कानपुर नगर में रहने वाले नंदकिशोर की पुत्री रीना से तय हुई है। 18 जून को तिलक समारोह हुआ था। कार्यक्रम में घर के लोगों के अलावा रिश्तेदार व मेहमान आए थे। घर में 25 जून बारात ले जाने की तैयारियां चल रही थी। मंगलवार की रात बड़े पुत्र पिंटू की पत्नी बीना खाना बना रही थी। इसी दौरान अचानक सिलिंडर से गैस का रिसाव होने पर आग लग गई । आग ने घर में रखे छप्पर को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने की सूचना 100 नंबर डायल करके पुलिस को दी। वहीं परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने के प्रयास शुरू किए।
आग बुझाने के दौरान पिंटू, सिंटू व दामाद सुनील निवासी झउआ ठठिया कन्नौज झुलस गए। मौके पर पहुंची दमकल कर्मियों की टीम ने खासी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। परिजनों ने झुलसे तीनों लोगों को इलाज के लिए कानपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया है। परिजनों के मुताबिक पिंटू की हालत ज्यादा गंभीर है, जबकि सिंटू के पैर झुलसे हैं। आग से बर्तन, गल्ला व चढ़ावे का सारा सामान जलकर खाक हो गया है। परिजनों ने बताया कि आग लगने की सूचना कन्या पक्ष को दे दी गई है। इस बाबत तहसीलदार संदीप केला ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। क्षेत्रीय लेखपाल को राजस्व टीम के साथ क्षति आंकलन के लिए मौके पर भेजा गया है।