फर्रुखाबाद। लुटेरों ने कोल्ड स्टोर के कर्मचारी के साथ मारपीट कर लूटपाट की। विरोध करने पर बदमाशों ने कोल्ड स्टोर में तोड़फोड़ की। इससे अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने जांच पड़ताल की। पुलिस ने लुटेरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर घटना की जांच शुरू की है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के बराकेशव गांव निवासी रवींद्र सिंह यादव पांचालघाट स्थित एक कोल्ड स्टोरे के धर्मकांटा के संचालक हैं। बुधवार को रवींद्र सिंह कामकाज निपटा रहे थे। तभी बाइकों पर सवार भगुआ नगला गांव निवासी महेश सिंह, लालू यादव अपने छह अज्ञात साथियों के साथ धर्मकांटा पर पहुंचा। हमलावरों ने रवींद्र सिंह से शराब
पीने के लिए पैसे मांगे। मना करने पर नाराज आरोपियों ने रवींद्र सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान आरोपियों ने गोलक से आठ हजार रुपये निकाल लिए और मोबाइल छीन लिया। कुछ हमलावरों ने प्रिंटर और धर्मकांटा मशीन को तोड़ दिया, जबकि कुछ हमलावरों ने केबिन का शीशा तोड़ डाला। इस दौरान कोल्ड के मैनेजर
प्रवीन शुक्ला आ गए। आरोपियों ने गालीगलौज कर जानमाल की धमकी दी। कोल्ड स्टोर के कार्यालय में घुसकर रिकार्ड फाड़ कर बाहर फेंक दिया। इतना सब कुछ होता रहा। इसके बाद भी पुलिस नहीं पहुंची। आरोपी जानमाल की धमकी देकर भाग गए। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। रवींद्र यादव की
तहरीर पर पुलिस ने भगुआ नगला निवासी महेश, लालू यादव और उनके छह अज्ञात साथियों के खिलाफ लूटपाट और तोड़फोड़ की रिपोर्ट दर्ज कर ली। कोतवाल संजीव राठौर ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
मारपीट कर नगदी व मोबाइल लूटा
नवाबगंज थाना क्षेत्र के पांचालघाट स्थित कोल्ड स्टोर में हुई घटना
विरोध करने पर बदमाशों ने की तोड़फोड़, धमकी देकर भागे, रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो