फर्रुखाबाद। छेड़छाड़ के आरोपी के खिलाफ कार्रवाई न होने से जिला सर्वोदय मंडल संस्था ने स्टेशन अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। संस्था के साथ पहुंची पीड़ित छात्रा ने चेतावनी दी है कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई न की गई तो वह आत्मदाह करने को मजबूर होगी।
गुरुवार को सर्वोदय मंडल के पूर्व महामंत्री लक्ष्मण सिंह छात्रा को लेकर रेलवे स्टेशन पहुंचे। छात्रा ने स्टेशन अधीक्षक को ज्ञापन देकर कहा कि वह मऊदरवाजा खंदिया स्थित एक डिग्री कालेज में पढ़ती है। रोजाना ट्रेन से कालेज आती-जाती है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि 3 फरवरी को हरसिंहपुर गोवा निवासी रेलवेकर्मी युवक ने ट्रेन में उसके साथ छेड़छाड़ की। जब उसने एसपी से शिकायत की तो 5 फरवरी को आरोपी ने फिर उसे घेर लिया और
जानमाल की धमकी दी। लक्ष्मण सिंह ने कहा कि पीड़िता को अगर न्याय नहीं मिला तो संगठन धरना-प्रदर्शन करेगा। इस दौरान विक्रांत सिन्हा, गौरव गुप्ता, सतीशचंद्र, नरसिंह, मदनपाल सिंह, कश्मीर, गौरव गुप्ता, उत्तम मिश्र, मेराज हुसैन, नरसिंह, बजरंग बहादुर और सुनीत कुमार आदि मौजूद रहे। उधर, जीआरपी थानाध्यक्ष राजेश दुबे ने बताया कि अधिकारियों से वार्ता नहीं हो सकी है। इस कारण रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
छात्रा ने आत्मदाह की दी धमकी
डिग्री कालेज की छात्रा ने बताया कि शिकायत के बाद भी आरोपी पर कार्रवाई नहीं
सर्वोदय मंडल संस्था ने पीड़ित छात्रा के साथ स्टेशन मास्टर को सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो