अमर उजाला ब्यूरो
आटा (जालौन)।शादी समारोह में जा रहे बाइक सवार मां-बेटे को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। इस हादसे में मां की मौत हो गई, जबकि बेटा चुटहिल हो गया। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर भाग निकला। महिला की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार एट क्षेत्र के गांव भरसूड़ा निवासी रमेश (20) पुत्र सुल्तान मां शिवकुंवर (45) को लेकर रविवार की सुबह आटा क्षेत्र के भदेख गांव गया था। वहां से देर रात वह थाना क्षेत्र के सधारा गांव के लिए निकला, जहां पर शादी समारोह था। मां-बेटे सधारा पहुंचने ही वाले थे कि बंबा रोड के पास सामने से आ रहे डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे मां गंभीर रूप से घायल हो गई। बेटे को भी मामूली चोटें आईं।
आसपास के लोगों ने जब घटना की सूचना थाने में दी तो पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मां-बेटे को नजदीक के अस्पताल मेें भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर शिवकुंवर को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां उपचार के दौरान मां की मौत हो गई। बताया जाता है कि बाइक सवार हेलमेट लगाए था, इस वजह से उसे मामूली चोटें आईं। थानेदार ने बताया कि मौके से बरामद डंपर को थाने में खड़ा कराया गया है। डंपर नंबर के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है।
-बेटा चुटहिल, चालक डंपर छोड़कर हुआ फरार