अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। अयोध्या में रामजन्म भूमि की लड़ाई हमने कोर्ट से जीत ली है। अब बातचीत के जरिये शीघ्र ही राम मंदिर निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा। गंगा की स्वच्छता के लिए गंगा किनारे एक करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। यह बात रविवार को पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में पत्रकार वार्ता के दौरान केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने कही।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कोेई भी कार्य विद्वेष भावना से नहीं कराए जा रहे हैं। पुराने कार्य जो ठीक हैं, वह जारी हैं। गंगा किनारे गांवों को सफाई अभियान के तहत जोड़ा गया है। अयोध्या में राममंदिर निर्माण के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमारी लड़ाई राम जन्म भूमि को लेकर थी, जो हमने कोर्ट से जीत ली है। अब हमारी कोई लड़ाई नहीं है। रामलला का जन्मस्थान अयोध्या है, इस पर विवाद खत्म हो गया है। उन्होंने कहा कि मां गंगा को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी सभी की है। देशवासी जागरूक होकर गंगा स्वच्छता का ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि सरकार गंगा स्वच्छता को लेकर दृढ़ संकल्पित है और इसके लिए कई योजनाएं चला रही है, जिसमें धीरे-धीरे कामयाबी भी मिल रही है। शीघ्र ही गंगा का जल शुद्ध नजर आएगा।
गंगा किनारे लगाए जाएंगे एक करोड़ पौधे