अमर उजाला ब्यूरो
कोंच।
कस्बे के रामगंज बाजार में विरोध को दरकिनार कर पालिका ने अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। जेसीबी ने अवैध कब्जों को तोड़ा तो विरोध करने वालों को पुलिस ने भी जमीन पर लाठियां पटक कर खदेड़ दिया। प्रशासन ने पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए है कि अभियान ऐसा चलाया जाए कि नालियां तक दिखाई देनी चाहिए। बता दें कि दो दिन पूर्व व्यापारियों के विरोध के कारण टीम को आधा अभियान बीच में ही छोड़कर जाना पड़ा था।
शनिवार को अतिक्रमण हटाने के लिए अधिकारियों ने जैसे ही अभियान शुरू किया बाजार के दुकानदारों मेें हड़कंप मच गया। एसडीएम सुरेश सोनी की अगुवाई और सीओ नवीन कुमार नायक की मौजूदगी में पालिका ईओ रवीन्द्रकुमार, सेनेट्री इंसपेक्टर अभयसिंह सफाई कर्मियों की पूरी टीम ने एक एक कर अवैध कब्जे ढहाने शुरू कर दिए। बाजार की नालियों पर भी अतिक्रमण देख अधिकारी बिफर गए और निर्देश दिए कि बुधवार साप्ताहिक बंदी के दिन नालियों पर अवैध कब्जे पूरी तरह से हटा दिए जाएं। इसके बाद वहां से दस्ता सराफा बाजार पहुंचा। यहां भी अधिकारियों की सख्ती से अवैध कब्जेदारों के होश उड़ गए। कुछ ने विरोध किया तो पुलिस ने लाठी पटककर उन्हें दूर कर दिया। मानिक चौक, बर्तन बाजार आदि में भी अतिक्रमण हटाया गया लेकिन अधिकारियों के हटते ही अस्थाई अतिक्रमण फिर से नजर आने लगा। एसडीएम ने दो टूक शब्दों में कहा कि अभियान आगे भी चलेगा, इसलिए दोबारा कब्जे करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नालियों पर भी कब्जे देख बिफरे अफसर
बुधवार को बंदी पर भी चलेगा अभियान