कानपुर देहात। जिला अस्पताल में तैनात आयुष्मान मित्र की आईडी हैक कर शातिर ने 140 गोल्डन कार्ड जारी कर दिए गए हैं। लखनऊ ऑफिस से आयुष्मान मित्र को जानकारी दी गई कि उसकी आईडी से गैर जनपदों के कार्ड जारी हो रहे हैं। आयुष्मान मित्र की तहरीर पर पुलिस ने मोबाइल नंबरों के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू की है।
जिला अस्पताल अकबरपुर में तैनात आयुष्मान मित्र पूनम सक्सेना ने पुलिस को बताया कि किसी शातिर ने तीन सितंबर को उसकी गोल्डन कार्ड बनाने वाली आईडी हैक कर ली। इसके बाद 140 कार्ड जारी कर दिए। हालांकि ये स्पष्ट नहीं हो सका कि ये कार्ड किसके बनाए गए हैं। 4 सितंबर को लखनऊ आफिस से पूनम के नंबर पर फोन करके आईडी हैक होने की जानकारी दी गई।
पीड़िता ने इसकी शिकायत पुलिस से की है। सोमवार को दो मोबाइल नंबरों के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी व साइबर अपराध की रिपोर्ट दर्ज की गई। साथ ही मामले की जांच के लिए साइबर सेल को लिखा गया है।
कोतवाल तुलसीराम पांडेय ने बताया कि स्वास्थ्य कर्मी की आईडी हैक कर गोल्डन कार्ड बनाने के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। साइबर सेल की मदद से शातिरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।