कानपुर देहात। समेकित शिक्षा के तहत बुधवार को परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत 140 दिव्यांग बच्चों को कानपुर प्राणी उद्यान (चिड़ियाघर) का शैक्षिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान बच्चों ने विभिन्न वन्यजीवों को करीब से देखा और उनके रहन-सहन व विशेषताओं के बारे में जानकारी हासिल की।
जिला समन्वयक समेकित शिक्षा अश्विनी कुमार आनंद ने बताया कि प्राणी उद्यान पहुंचकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने विभिन्न वन्यजीवों को देखकर उनके बारे में जानकारी ली। साथ ही प्रकृति, वन्यजीवों और पर्यावरण संरक्षण के महत्व को भी समझा। बच्चों के लिए यह भ्रमण मनोरंजन के साथ सीखने का अवसर बना।
कहा कार्यक्रम में 21 शिक्षकों ने बच्चों के साथ रहकर सहयोग किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पांडेय ने कहा भ्रमण का उद्देश्य बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक और अनुभवात्मक शिक्षा देना था। इस तरह के शैक्षिक भ्रमण से दिव्यांग बच्चों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर नई चीजें सीखने और समझने का अवसर मिलता है।