कानपुर देहात। सरवनखेड़ा ब्लॉक में सूरजपुर के मजरा पामां में संविलियन विद्यालय के सामने खाली जमीन पर खेल का मैदान बने यह ग्रामीण चाहते हैं। हालांकि भूमि प्रबंध समिति की ओर से प्रस्ताव तैयार नहीं होने से ग्राम पंचायत की कार्ययोजना में यह काम शामिल नहीं हो पा रहा है। शिकायत पर बीडीओ ने आवश्यक कार्रवाई के लिए एसडीएम को लिखापढ़ी की है।
पामां में संविलियन विद्यालय के सामने गाटा संख्या 194 में दो बीघा जमीन खाली पड़ी है। इस पर खेल का मैदान बनवाने की मांग अर्से से ग्रामीण कर रहे हैं। आरोप है कि लेखपाल की ओर से प्रस्ताव बनाने में कोताही की जा रही है। इसकी वजह से खेल मैदान का काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है। बीते दिनों नाराज ग्रामीणों ने डीएम से मिलकर मामले की शिकायत की।
आनंद, विकास आदि ग्रामीणों का कहना है कि सितंबर में इसके लिए लिखापढ़ी की गई थी, लेकिन नवंबर का पहला पखवाड़ा बीतने के बाद भी आवश्यक प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी है। हालांकि बीडीओ सरवनखेड़ा ने भूमि प्रबंध समिति का प्रस्ताव, कार्रवाई व नजरी नक्शा आदि उपलब्ध कराने के लिए एसडीएम सदर को लिखा है। यह कार्रवाई पूरी होने पर ग्राम पंचायत की कार्ययोजना में खेल मैदान निर्माण का प्रस्ताव शामिल हो सकेगा। एसडीएम राजकुमार पांडेय ने बताया कि तहसीलदार को आवश्यक निर्देश दिए हैं।