कानपुर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की गति काफी तेज है। जिले के 34 लाख मतदाताओं को गणना प्रपत्र मिल गया लेकिन 1.33 लाख मतदाताओं को अभी तक गणना प्रपत्र नहीं मिले हैं। इसकी शिकायतें लगातार मिल रही हैं जबकि शासन के निर्देश थे कि 15 नवंबर तक सभी के पास गणना प्रपत्र पहुंच जाएं।
प्रपत्र भरने के बाद बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को इसे वापस करना होगा। इसकी दो प्रति होंगी। एक प्रति मतदाता को मिलेगी, दूसरी बीएलओ के पास रहेगी। एडीएम वित्त विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि अभियान में लापरवाही बरतने वाले बीएलओ पर कार्रवाई की जाएगी। अगर किसी को कोई समस्या है तो निर्वाचन आयोग के हेल्पलाइन नंबर 1950 पर शिकायत कर सकते हैं। अगर आपका नाम मतदाता सूची में नहीं है तो आपको गणना प्रपत्र नहीं मिलेगा। सबसे पहले आपको फार्म-6 भरना होगा। फार्म बीएलओ को देना होगा। जांच के बाद मतदाता सूची में नाम शामिल होगा।