उन्नाव। दही चौकी औद्योगिक क्षेत्र स्थित इंडाग्रो स्लाटर हाउस में गुरुवार को सुरक्षाकर्मियों व श्रमिकों के बीच हुए विवाद की घटना में पुलिस ने सात नामजद श्रमिकों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है। स्लाटर हाउस के सिक्योरिटी आफीसर की तहरीर दी है। घायल श्रमिकों की ओर से अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।
सदर कोतवाली के दही चौकी स्थित इंडाग्रो स्लाटर हाउस में गुरुवार सुबह करीब आठ बजे फैक्टरी में जबरन पान मसाला ले जा रहे एक श्रमिक को सुरक्षाकर्मियों ने पीट दिया था। इससे आक्रोशित श्रमिकों ने धारदार हथियारों न लाठी डंडे से सुरक्षाकर्मियों को दौड़ा दौड़ाकर पीट था। बचाव में सुरक्षाकर्मियों ने भी श्रमिकों को पीट दिया था। मारपीट की घटना में 35 लोग घायल हुए थे। जिनमें 6 सुरक्षाकर्मियों की हालत गंभीर बनी हुई है। गुरुवार रात स्लाटर हाउस के सिक्योरिटी आफीसर मो. जावेद ने पुलिस को घटना की तहरीर दी। पुलिस ने शांति भंग, फैक्टरी में तोड़फोड, सुरक्षा कर्मियों पर धारदार हथियारों से हमला करने के आरोप में आठ श्रमिकों पर मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने जिन श्रमिकों पर मुकदमा दर्ज किया है उनमें शकील, अबू तालिब, इकरार, अनस, राजू राशिद, जीरूल, विनीत शामिल हैं। वहीं कुछ अज्ञात साथियों पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। सदर कोतवाली प्रभारी दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि स्लाटर हाउस के सिक्योरिटी आफीसर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। श्रमिकों की ओर से उन्हें कोई तहरीर नहीं मिली है।
-सिक्योरिटी आफीसर की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज किया मारपीट का मुकदमा
-पान मसाला ले जाने की बात पर सुरक्षाकर्मियों व श्रमिकों में हुआ था खूनी संघर्ष