घाटमपुर (कानपुर)। कसबे के मोहल्ला पचखुरा स्थित तालाब में डूब जाने से एक वृद्ध की मौत हो गई। लोगों ने उसका शव उतराता देखा, तब परिजनों को जानकारी हुई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
मोहल्ला पचखुरा निवासी मोतीलाल उर्फ टइयां गुरू (92) अविवाहित था। वह अपने भतीजों के साथ रहता था। बीते बुधवार को वह घर से निकला था लेकिन, जब देर शाम तक वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने तलाश शुरू की। रातभर उसका कोई अता-पता नहीं चला। गुरुवार की सुबह कुछ बच्चे पचपीरन तालाब के किनारे खेल रहे थे। उन्होंने तालाब में एक शव उतराता देखा। सूचना पर लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि लाश टइयां गुरू की थी।
तालाब में वृद्ध की लाश मिलने की जानकारी होने पर चौकी इंचार्ज मो.आसिफ पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। चौकी इंचार्ज ने बताया कि वृद्ध की मौत पानी में डूबने से हुई है। आशंका जताई कि सुबह शौच के लिए तालाब के किनारे गया होगा और वहीं गहरे पानी में पैर फिसल जाने से तालाब में डूब गया। बताया कि मामले की जांच की जा रही है।