बिल्हौर (कानपुर) । कटहा-अकबरपुर सेंग संपर्क मार्ग पर दो बाइकों में आमने सामने हुई भिड़ंत में ग्राम प्रधान सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने सभी घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर तीनों को हैलट रेफर कर दिया गया।
गुरुवार को कटहा ग्राम प्रधान बाल किशन अकबरपुर सेंग गंगा तट पर स्नान कर घर लौट रहे थे। तभी सेंग मोड़ पर एकाएक सामने से आए बाइक सवार युवकों ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोनों मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर दूर जा गिरीं। जबकि ग्राम प्रधान सहित मल्लापुर निवासी सुरेश और राजू भी बुरी तरह घायल हो गए। दुर्घटना देख दौड़े ग्रामीणों ने आनन-फानन में तीनों अस्पताल भेजा, जहां हालत गंभीर होने पर सभी को डाक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों के मुताबिक बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।