अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। दिबियापुर से भाजपा विधायक लाखन सिंह की मुश्किलें फिर बढ़ गई हैं। विधायक के सबसे छोटे और तीसरे बेटे पर बिजली के मीटर की रीडिंग लेने वाली एक कंपनी के सुपरवाइजर से रंगदारी मांगने की रिपोर्ट दर्ज हुई है। वीडियो वायरल मामले में पकड़े गए आरोपी के कबूलनामे के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
बिजली विभाग दिबियापुर के लिए मीटर की रीडिंग लेने वाली कंपनी के सुपरवाइजर ऋषभ चौरसिया ने बीते रविवार को विधायक लाखन सिंह के पुत्र विकास राजपूत पर रंगदारी मांगने का आरोप लगाया था।
ऋषभ ने व्हाट्सऐप पर एक पोस्ट भी डाली थी। इसमें ऋषभ ने बताया विकास राजपूत उस पर रंगदारी देने और बिजली विभाग में ठेका देने का दबाव बना रहा है। ऐसा न करने पर पिछले दिनों एक होटल में विकास राजपूत, भाजपा मंडल प्रभारी सर्वेश भदौरिया और शिक्षक नीरज राजपूत ने अपने साथियों के साथ उससे मारपीट की।
इसके बाद उसका लड़कियाें के साथ वीडियो बनाया और वायरल करने की धमकी देने लगे। आरोप है कि ऋषभ के व्हाट्सऐप पर शिकायत करने के बाद नीरज राजपूत ने सोशल साइट पर ऋषभ की लड़कियों के साथ वीडियो वायरल कर दी।
एसपी संजीव त्यागी ने पूरे मामले को संज्ञान में लेकर तत्काल शिक्षक नीरज राजपूत, भाजपा के मंडल प्रभारी सर्वेश भदौरिया और 15 अज्ञात के खिलाफ दिबियापुर थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी।
इस मामले में बीते बुधवार को दिबियापुर थानाध्यक्ष जसवीर सिंह सिरोही ने दबिश देकर 10 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार नंदपुर निवासी मनीष राजपूत पुत्र विनोद कुमार ने जुर्म कबूल कर लिया। बताया कि उसके साथ विधायक का सबसे छोटा पुत्र विकास राजपूत, शिक्षक नीरज राजपूत, देवेंद्र व रानू भी थे।
गुरुवार को एसपी संजीव त्यागी ने बताया कि कबूलनामे के अनुसार विधायक के बेटे व अन्य लोगों के खिलाफ भी दिबियापुर थाने में मामला दर्ज किया गया है। जल्द सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगाी। इससे पहले विधायक के दो बेटों के खिलाफ फफूंद थाने में गेल की एक कंपनी के एक मैनेजर से रंगदारी मांगने की रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है।
- रंगदारी न देने पर सुपरवाइजर के साथ की थी मारपीट, शिकायत करने पर लड़कियों के साथ का वीडियो किया था वायरल