कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) कैंपस के 13 शिक्षकों ने अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग प्रणाली स्कॉलरली इंडेक्स की टॉप-1000 स्कॉलर रैंकिंग में स्थान बनाया है। यह रैंकिंग शोधकर्ताओं के अकादमिक एवं शोध प्रभाव का आकलन करती है। इसमें प्रकाशनों, उद्धरणों, एच-इंडेक्स, डी-इंडेक्स, शोध प्रभाव तथा संबंधित विषय और शोध क्षेत्र में प्रदर्शन जैसे विभिन्न मानकों को शामिल किया जाता है।
शोधकर्ताओं का मूल्यांकन उनके विषय, उप-विषय और शोध क्षेत्र के संदर्भ में किया जाता है। साथ ही दीर्घकालिक और हाल के शोध प्रभाव को अलग-अलग देखा जाता है। इससे रैंकिंग केवल शोध-पत्रों की संख्या के बजाय शोध की दृश्यता, प्रभाव और अकादमिक योगदान को भी दर्शाती है। कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि शिक्षकों की अंतरराष्ट्रीय पहचान विश्वविद्यालय में शोध, नवाचार और गुणवत्तापूर्ण प्रकाशन को और प्रोत्साहित करेगी।
ये शिक्षक हैं शामिल
डॉ. राकेश कुमार शर्मा, डॉ. अरुण गुप्ता, डॉ. प्रीति सिंह, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. प्रमोद कुमार यादव, डॉ. अजय कुमार पांडेय, डॉ. नमिता तिवारी, डॉ. अंजू दीक्षित, डॉ. संदीप सिंह, डॉ. अमन राठौर, डॉ. भूमिका यादव, डॉ. ओमपाल और डॉ. संजीव कुमार सिंह।