पुखरायां (कानपुर देहात)। सट्टी थाना क्षेत्र के जहांगीरपुर गांव के पास बीती 23 व 24 सितंबर की रात चालक और खलासी की हत्या कर कांच की चूड़ियों से भरा ट्रक लूट लिया था। मामले में शनिवार को पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले व्यक्ति को धर दबोचा। इसके पास से 6 लाख रुपये कीमत का माल बरामद हुआ है।
थाना इंचार्ज दिनेश कुमार ने बताया कि गत 23/24 सितंबर की रात रामगढ़, फिरोजाबाद के उर्दूनगर निवासी ट्रक चालक रफीक और सहयोगी दानिश की बदमाशों ने हत्याकर कांच की चूड़ी भरा ट्रक लूट लिया था। मामले मे फिरोजाबाद की पुलिस ने गत 11 अक्तूबर को मुख्य आरोपी भोगनीपुर निवासी मुशीर को गिरफ़्तार किया था। विवेचना के लिए पुलिस ने मृतक के परिजनों की सूचना पर फिरोजाबाद के सैलई चौराहे के पास एक घर में दबिश दी। दूसरा आरोपी शहजाद उर्फ बब्बू गिरफ्तार कर लिया गया। इसके पास से लूटा गया ट्रक और 30 गत्ते कांच के गिलास बरामद हुए। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर बिन्डमगंज, सोनभद्र के सलैयाडीह निवासी संतोष कुमार को कांच की चूड़ी भरा ट्रक का माल बेचा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 645 बंडल चूड़ी, 2452 तोड़ा चूड़ी बरामद कर ली है।