कन्नौज। आयुष्मान योजना के तहत जिलों में मरीजों की मदद को आयुष्मान मित्रों की तैनाती की गई है। जिले के तीन अस्पतालों में इसके लिए तीन पद है, जिन पर पहले ही तैनाती हो चुकी है। इसके बाद भी खुलेआम सीएमओ दफ्तर के बाहर आवेदन के फार्म धड़ल्ले से बेचे जा रहे हैं। वहीं, इस बारे में पूछे जाने पर सीएमओ ने कहाकि मामले की जांच कराई जाएगी।
मोहल्ला शेखपुरा अली अहमद गुरुवार को पिता व भाई के साथ सीएमओ दफ्तर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मंगलवार को यहां आयुष्मान नौकरी से संबंधित फार्म वितरित किए गए। कई युवाओं को देखकर उसने पचास रुपये में आवेदन फार्म खरीदा। उसने फार्म भरकर पोस्ट करने के बाद सीएमओ कार्यालय से संपर्क करने को कहा गया। इसी संदर्भ में वो आज यहां पहुंचा। जहां पता चला कि जिले में तीन पद हैं और उन पर पूर्व में ही भर्ती हो चुकी है। वहीं इस संबंध में पूछे जाने पर सीएमओ डॉ. कृष्ण स्वरूप ने कहा कि आयुष्मान मित्र पद के लिए जिले में कोई भर्ती नहीं हो रही है। जनपद में सिर्फ तीन पद थे। इसमें जिला अस्पताल, शौ शैय्या छिबरामऊ और विनोद दीक्षित अस्पताल में आयुष्मान मित्र की तैनाती की जा चुकी है। इसके अलावा जनपद में अन्य कोई पद नहीं है। वहीं सीएमओं कार्यालय के सामने नौकरी फार्म बंटने के मामले में पर कहाकि उनकी जानकारी ऐसा मामला नहीं है। मामले की जांच कराई जाएगी।