गुरसहायगंज (कन्नौज)। पुलिस भर्ती परीक्षा देने कानपुर आ रहे मैनपुरी के एक युवक की ट्रेन की गिरकर मौत हो गई। युवक मैनपुरी का रहने वाला था और कानपुर में पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने आ रहा था। शिनाख्त के बाद जीआरपी ने परिजनों को सूचना भेज दी।
मैनपुरी के नवीगंज पुलिस चौकी के गांव जनौरा निवासी मनीष सविता (20) पुत्र ओंकार सिंह गुरुवार को कानपुर में पुलिस भर्ती की परीक्षा देने आ रहा था। मैनपुरी से रोडवेज बस से वो सुबह गुरसहायगंज पहुंचा। यहां से कानपुर जाने के लिए वो रेलवे स्टेशन पहुंचा। इसी बीच कानपुर के लिए जाने वाली ट्रेन प्लेटफार्म पर आ गई। टिकट लेने में देरी होने के कारण वो चढ़ती ट्रेन में चढ़ने लगा॥ ट्रेन के पायदान पर चढ़ने के दौरान पैर फिसलने से वो ट्रेन के नीचे आ गया। जिससे उसका सिर धड़ से अलग हो गया। जीआरपी प्रभारी विनोद कुमार मौके पर पहुंचे और उन्होंने उसके पास मिले बैग की तलाशी ली। उसमें मिले कागजातों से उसकी शिनाख्त हुई। उसके मोबाइल से ही पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।