अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। कछियाना से गुजरे अंडरग्राउंड नाले की सफाई ठेके पर कराई जाएगी। इसके लिए जल्द ही ई-टेंडरिंग से ठेका उठाए जाने की प्रक्रिया शुरू होगी। नाला सफाई की वीडियोग्राफी कराकर उसकी जांच होगी। जांच ओके होने के बाद ही ठेकेदार को भुगतान किया जाएगा।
कछियाना से अंगूरीबाग मोहल्ला तक ब्रिटिशकाल में बना अंडरग्राउंड नाला है। अंडरग्राउंड नाला होने के चलते तमाम प्रयासों के बाद भी इसकी ठीक तरह से सफाई नहीं हो पाती है, जिस वजह से बरसात में कछियाना नाला चोक हो जाता है। इसी वजह से छावनी, गंगानगर और तलैया फजल इमाम के नाले भी उफना जाते हैं और जलभराव की स्थिति हो जाती है।
इस बार नगर पालिका प्रशासन अवस्थापना निधि से ठेका पर अंडरग्राउंड कछियाना नाले की सफाई करवाएगा। इसका ठेका बाहरी कंपनी को दिया जाएगा, जो सुपर सेक्शन मशीन से नाला साफ करेगी। इस नाले के साफ होने से सैकड़ों मोहल्लों में होने वाली जलभराव की समस्या से लोगों को निजात मिलेगी।
इसी महीने होगा ठेका
कछियाना नाला अंडरग्राउंड बना है। इस वजह से इस नाले की सफाई का ठेका जून के अंतिम सप्ताह तक ई-टेंडरिंग से दिया जाएगा। ठेका उठने के बाद ठेकेदार के कर्मचारी अंडरग्राउंड नाले की सफाई सुपर सेक्शन मशीन से करेंगे। नाला साफ होने के बाद उसकी वीडियोग्राफी बनवाकर देखा जाएगा कि पहले छोर से घुसा व्यक्ति दूसरे छोर पर जाकर निकलता है या नहीं। ऐसा होने पर ही ठेकेदार को भुगतान किया जाएगा। - मनोज अग्रवाल (चेयरमैन पति)
कई मोहल्लों के नाले गिरते हैं कछियाना में
कछियाना का अंडरग्राउंड नाला साफ होने से छावनी मोहल्ला, गंगानगर और तलैया फजल इमाम के नाले भी बरसात में चोक नहीं हो सकेंगे। तलैया फजल इमाम, गंगानगर कालोनी और छावनी मोहल्ला का नाला कछियाना नाला में ही जाकर मिलता है। कछियाना नाला चोक होने से यह नाले भी चोक हो जाते हैं। कछियाना नाले की सफाई से ये नाले भी चोक होना बंद हो जाएंगे, जिससे कई मोहल्ले के लोगों को जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी।