कानपुर देहात। अकबरपुर-माती रोड में डीएम आवास के पास ऑटो व वैन की भिड़ंत में 12 लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर भीड़ लग गई। पुलिस ने एंबुलेंस से सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद पांच को कानपुर रेफर कर दिया गया। इसी बीच माती रोड में करीब आधा घंटा जाम लगा रहा।
गुरुवार दोपहर अकबरपुर से माती की तरफ एक ऑटो सवारी लेकर जा रहा था। तभी माती से आ रही वैन की डीएम आवास के पास आमने-सामने टक्कर हो गई। इससे ऑटो चालक सनायखेड़ा निवासी उमेंद्र, उसमें सवार बनीपारा के ब्रजेश कुमार, गहलौं के इश्तियाक, इनकी पत्नी चांदतारा, डेढ़ वर्षीय बेटा, कुरवाखुर्द के गंगाराम व शहरूम घायल हो गए। वहीं, वैन सवार नयागंज अकबरपुर के नैतिक मिश्रा, माती रोड अकबरपुर के विजय द्विवेदी, शिवांग सिकरवार व शिव सिंह घायल हो गए। इस दौरान वहां से निकल रहा साइकिल सवार मुरीदपुर निवासी रामदास भी घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर राहगीरों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां से पांच लोगों को हैलट रेफर कर दिया गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की वजह से माती रोड में करीब आधे घंटे जाम लगा रहा।
कोतवाल तुलसीराम पांडेय ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवा कर यातायात सुचारु करा दिया गया है।