शिवली। टिकरा में भूमिगत केबल में फाल्ट व इंसुलेटर पंक्चर होने से रविवार को शिवली व शोभन उपकेंद्र से जुड़े डेढ़ सौ गांवों में 12 घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। शाम को खामी दुरुस्त कराकर बिजली आपूर्ति बहाल कि गई।
कानपुर के जवाहरपुर स्थित ग्रिड सबस्टेशन से शिवली व शोभन उपकेंद्र को बिजली आपूर्ति होती है। बारिश होने से रविवार सुबह टिकरा में भूमिगत 33 केवी केबल में फाल्ट हो गया। वहीं दो स्थानों पर इंसुलेटर पंक्चर हो गए।
बिजली गुल होने से उमस भरी गर्मी में लोग बेहाल रहे। कस्बा शिवली के व्यापार मंडल के अध्यक्ष रमाकांत अग्निहोत्री ने बताया कि उमस भरी गर्मी में आए दिन बिजली कटौती व फाल्ट से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।
बबलू गुप्ता, संतोष ओमर ने कहा कि मेन लाइन में आए दिन फाल्ट होते हैं। पूर्व सभासद विमलेश अग्निहोत्री, मनीष कुमार, कमलेश मिश्रा व मनोज तिवारी आदि ने बताया कि घंटो फाल्ट दुरुस्त नहीं किए जाते हैं।
एसडीओ अवधेश कुमार सिंह ने बताया जवाहरपुरम से आई 33 केवी केबल में फाल्ट व दो जगह इंसुलेटर पंक्चर होने से बिजली आपूर्ति ठप रही। खामी दुरुस्त कराकर शाम को छह बजे आपूर्ति बहाल करा दी गई।
नया ट्रांसफार्मर रखकर की बिजली आपूर्ति
शिवली। नुनारी बहादुरपुर के अटिया में ट्रांसफार्मर चार दिन पूर्व जल गया था। बिजली नहीं आने से डेढ़ सौ लोगों को परेशानी हो रही थी। अमर उजाला ने शुक्रवार को ट्रांसफार्मर जलने की खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी।
इस पर जेई अवधेश सिंह ने बताया कि खराब ट्रांसफार्मर बदल दिया गया है। शनिवार रात को विद्युत आपूर्ति बहाल करा दी गई। ट्रांसफार्मर बदले जाने पर मानव सेवा संगठन के अध्यक्ष आशुतोष त्रिवेदी, अवनीश तिवारी, सुबोध मिश्रा, शोभित शुक्ला व ज्ञानेंद्र ने खुशी व्यक्ति की है।