कानपुर देहात। बुधवार को कस्बे के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान जच्चा की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गलत उपचार का आरोप लगा हंगामा शुरू कर दिया। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा बुझाकर शांत कराया।
मलासा ब्लाक के गिरदौं निवासी लक्ष्मी देवी पत्नी बलवान सिंह को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने बुधवार को सीएचसी मलासा में भर्ती कराया था, जहां डिलीवरी के बाद महिला की हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं महिला की गंभीर हालत को देख जिला अस्पताल प्रबंधन ने उसे बुधवार देर शाम कानपुर रेफर कर दिया। लक्ष्मी देवी की सास जय देवी ने बताया कि आशा ने उसे अकबरपुर के निजी अस्पताल में भर्ती करवा दिया। जहां गुरुवार सुबह अचानक बहू लक्ष्मी की हालत बिगड़ गई, जिस पर डाक्टर ने अस्पताल से लगे स्टोर से दवा लेने के लिए भेजा, लेकिन रुपये न होने पर अस्पताल प्रबंधन ने दवा देने से मना कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही से लक्ष्मी की मौत हो गई। महिला की मौत से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गलत उपचार करने का आरोप लगा हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने मृतक महिला के परिजनों को समझा बुझाकर शांत कराया। कोतवाल ऋषिकांत शुक्ला ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया है। उन्होंने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।