अमर उजाला ब्यूरो
उन्नाव। रक्षाबंधन के साथ ही मिठाई दुकानदारों ने मिलावट का खेल शुरू कर दिया है। ज्यादातर दुकानों में चांदी की जगह एल्युमीनियम के बर्क लगी मिठाई बिक रही है। गुरुवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में चले चेकिंग अभियान में इसका खुलासा हुआ। फायर स्टेशन के सामने स्थित एक मिठाई दुकान में बर्फी में एल्युमीनियम बर्क लगा मिला। कई जगह बासी मिठाई बिकते मिली। सुरक्षा अधिकारी ने मौके पर बीस किलो से ज्यादा मिठाई नष्ट कराई। साथ ही दूध की बर्फी और टोमैटोसॉस के सैंपल जांच के लिए भेजा।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी केके त्रिपाठी ने गुरुवार को शहर की कई मिठाई दुकानों व बेकरी में छापेमारी की। फायर स्टेशन के सामने संतोष की दुकान में छापेमारी के दौरान बर्क लगी मिठाईयों के बिक्री करने की जानकारी हुई। जब अधिकारियों ने बर्क की जांच की तो वह एल्युमीनियम का मिला। इस पर उन्होंने दुकानदार को जमकर फटकार लगाई और एल्युमीनियम लगी बर्फी के साथ बासी मिठाई नष्ट कराया। वहीं बर्फी का नमूना भी लिया।
इसके बाद टीम गिरिजाबाग स्थित रामप्रकाश की दुकान पर पहुंची। यहां से भी दूध की बर्फी का सैंपल भरा। आखिर में आरटीओ आफिस के पास से सुंदरलाल पाल की दुकान से बर्फी का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा। इसके बाद टीम मोतीनगर स्थित बीएन बेकर्स पर पहुंची। यहां पर टोेमैटो व चिली सास का सैंपल लिया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी केके त्रिपाठी ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री की रोकथाम के लिए चेकिंग अभियान चलाया गया है। जांच टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी नागेंद्र के अलावा रामनरेश, अरविंद व नरेंद्र कुमार भी शामिल रहे।
छापेमारी में बीस किलो मिठाई नष्ट कराई
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने शहर की मिठाई दुकानों में की छापेमारी
बर्फी के तीन और टोमैटो और चिलीसास के सैंपल जांच के लिए भेजे