अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। जुआरियों को मुचलके पर छोड़ने को लेकर कोतवाली में सिपाही द्वारा रुपये लेने का एक वीडियो वायरल हुआ था। शनिवार शाम एसपी ने मामले की जांच एएसपी को सौंपी और सिपाही को निलंबित भी कर दिया है।
पिछले दिनों एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें बताया गया था कि शहर में एक फड़ पर पुलिस ने कुछ जुआरियों को पकड़ा था और उन्हें मुचलका पर रिहा करने के लिए दो-दो हजार रुपये लिए। इस वीडियो में एक सिपाही रुपये गिनता हुआ दिखाई पड़ रहा था।
एसपी संजीव त्यागी ने इसकी जांच सीओ भास्कर वर्मा को सौंपी। इसमें सीओ ने उन रुपयों को तलाशी में बरामद बताया था और वीडियो का फर्जी बताया था। इसके बाद जब सवाल खड़े हुए तो एसपी ने इसकी जांच एएसपी को सौंप दी।
एएसपी को जांच सौंपने के साथ ही एसपी संजीव त्यागी ने कोतवाली औरैया में तैनात सिपाही मुस्तकीम को निलंबित भी कर दिया।
इस संबंध में एसपी संजीव त्यागी ने बताया कि सीओ ने जांच की थी मगर उन्होंने जांच में लिखा था कि दूसरे पक्ष से बात नहीं हो पाई है। इसलिए जांच एएसपी को सौैंपी गई। सिपाही पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। अब जांच में जो आएगा उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।