बरौर/पुखरायां (कानपुर देहात)। भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र में डीघ गांव के पास दो सड़क दुर्घटनाओं में युवक और महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
देवीपुर पुलिस चौकी इंचार्ज दाराचंद्र ने बताया कि देवीपुर गांव निवासी शिवपाल सिंह के पुत्र रमाकांत (22) गुरुवार देर रात बाइक से भोगनीपुर गया था। वापसी में डीघ एवं छतेनी के बीच बाइक पेड़ से टकरा गई। गंभीर रूप से जख्मी युवक को एंबुलेंस जिला अस्पताल भेजा गया लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। थाना सचेंडी, कानपुर के सुरार निवासी स्वर्गीय शिवपाल की पत्नी नीलम सिंह (38) भाई कप्तान सिंह के साथ बाइक से कालपी जा रही थी। डीह गांव के पास बाइक का ब्रेक फेल होने पर ट्रक में टकरा गई। जिससे बाइक से उछलकर नीलम सिंह सड़क पर गिर गई और पीछे आ रहे ट्रक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गईं। एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। रास्ते में उनकी मौत हो गई। नोनापुर गांव मोड़ के निकट दो बाइकों की भिड़ंत में एक युवक घायल हो गया। भोगनीपुर के मीरपुर गांव निवासी श्यामू (40) ने बताया कि शुक्रवार को बाइक से हराहरा गांव काम से जा रहा था। नोनापुर गांव मोड़ के निकट सामने से आ रही बाइक से भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक सवार बाइक छोड़कर भाग गया। परिजनों से सीएचसी पुखरायां में भर्ती कराया।