कानपुर में बक्से में रखे 20 हजार रुपये न मिलने पर पोते से पूछताछ करना 100 साल दादी को भारी पड़ गया। 28 साल के पोते ने मुक्का मारकर दादी का जबड़ा तोड़ दिया। बुरी तरह से जख्मी दादी हैलट में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है। सेन पश्चिम पारा पुलिस ने वृद्धा के बड़े बेटे की तहरीर पर जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर युवक को गिरफ्तार कर लिया। थानाक्षेत्र के कुरौना बहादुर नगर गांव में रहने वाले मंशाराम के मुताबिक उनकी मां जगरानी करीब सौ साल की हैं।
उन्हें वृद्धा पेंशन मिलती है। पेंशन व बकरे बेचकर मिले 20 हजार रुपये उन्होंने अपने बक्से में रखे थे। बताया कि छोटे भाई रामसहाय का 28 साल बेटा ऑटो चालक बेटा रोहित उन्हीं के साथ रहता है। कुछ दिन पहले रोहित पत्नी के साथ गंगागंज स्थित ससुराल गया था। वहां से लौटने पर दादी जगरानी ने रुपये के बारे में पूछा तो उसने जानकारी होने से इन्कार कर दिया। उन्होंने पुलिस और प्रधान को बुलवाने की धमकी दी, तो वह बुरी तरह भड़क उठा और चेहरे पर मुक्का मार दिया।
जगरानी को बिधनू सीएचसी में भर्ती कराया
वह अचेत होकर वहीं गिर पड़ीं। घटना के समय पोते का ससुर नन्हकऊ भी वहीं था। शोर सुनकर मंशाराम की पत्नी राममनी और छोटे भाई की पत्नी सोमवती बचाने पहुंचे, तो रोहित और उसके ससुर उन्हें भी धमकाया और भाग निकले। गंभीर हालत में जगरानी को बिधनू सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से उन्हें हैलट रेफर कर दिया गया। सेन पश्चिम पारा थाना प्रभारी कुशलपाल सिंह ने बताया कि बड़े बेटे की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।