कानपुर। अहिरवां ई-बस डिपो के संचालन पर्यवेक्षक को मंगलवार दोपहर बड़ा चौराहा से उन्नाव के बीच ई-बस में चेकिंग के दौरान 10 यात्री बिना टिकट मिले। उन्होंने यात्रियों का वीडियो बनाना शुरू किया तो परिचालक ने धक्कामुक्की की और अभद्रता की। प्रबंध निदेशक केसीटीएलएल और अहिरवां पुलिस चौकी में शिकायती पत्र दिया है।
संचालन पर्यवेक्षक आतिफ हुसैन सिद्दीकी ने प्रबंध निदेशक केसीटीएसएल को दिए पत्र में बताया कि शनिवार को उन्होंने ई- बस संख्या यूपी 78 जीटी 4480 को धोबी पुलिया के पास बस रोका तो 26 में से 10 यात्री बिना टिकट के मिले। यात्रियों ने बताया कि परिचालक ने उनसे किराया पहले ही ले लिया था लेकिन उन्हें टिकट नहीं दी। इसके बजाय उन्हें कलेक्शन रिपोर्ट प्रिंट करके दी गई थी। वीडियो बनाए जाने पर परिचालक ने मशीन छीन ली अभद्रता की और मारपीट की धमकी दी। आरोप है कि परिचालक ने 20 हजार रुपये की घूस देने का भी प्रयास किया। आरोप लगाया कि एक अधिकारी और लिपिक मिलकर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं।