Kanpur News: लड़की पक्ष का कहना था कि दोनों एक सप्ताह से साथ आते जाते थे। दोनों के बीच क्या हुआ उन्हें नहीं पता। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कानपुर में काकादेव के पाल बस्ती में 10 दिन पहले मंगेतर ने शादी तोड़ दी। सदमे में आए युवक की जान चली गई। मृतक के परिजनों ने युवती पर लाखों रुपये ऐंठ लेने का आरोप लगा हंगामा किया। परिजनों के सूचना देने के बाद भी घटना के चार घंटे बाद पुलिस के न पहुंचने पर इलाकाई लोगों में आक्रोश व्याप्त रहा।
विज्ञापन
श्यामबाबू का इकलौता बेटा प्रेमबाबू (23) ई-रिक्शा चालक था। श्यामबाबू ने बताया कि फूलबाग निवासी युवती से उनके बेटे प्रेमबाबू की शादी तय हुई थी। 29 को बारात जानी थी। शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। कार्ड बंटने के साथ तीन दिसंबर को रिसेप्शन के लिए गेस्ट हाउस बुक किया गया था।
शनिवार को प्रेमबाबू अपनी मंगेतर के साथ पार्लर गया था। वहां किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ। इसके बाद युवक अपने घर चला आया। रविवार सुबह अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे हैलट अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान देर शाम लगभग आठ बजे उसकी मौत हो गई।