युवक के कोरोना पीड़ित होने की अफवाह, हड़कंप मचा
क्रासर
-विशाखापट्टनम जाते समय रायपुर में ट्रेन न मिलने पर घर लौटकर आए युवक को लेकर फैलाई गई अफवाह
-लखनऊ कंट्रोल रूम से लेकर अधिकारियों को फोन कर दी गई जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरसहायगंज। विशाखापट्टनम जा रहा युवक रास्ते से घर लौट आया। गांव के कुछ लोगों ने उसके कोरोना पीड़ित होने की अफवाह फैला दी। लखनऊ कंट्रोल रूम से लेकर अधिकारियों को कई लोगों ने फोन कर दिया। इससे हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण किया। युवक की हालत सामान्य निकली। इसके बाद चिकित्सा अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
गुरसहायगंज कोतवाली के गांव भंवरगाढ़ा निवासी रामू (35) पुत्र अमर सिंह हैदराबाद के विशाखापट्टनम में मेहनत-मजदूरी करता है। होली पर वह घर आया था। 17 मार्च को वह घर से विशाखापट्टनम के लिए निकला। छत्तीसगढ़ के रायपुर स्टेशन पर ट्रेन नहीं मिली। इससे वह घर लौट आया। शनिवार को उसके घर आने पर कुछ लोगों ने कोरोना पीड़ित होने की अफवाह फैला दी। स्थानीय लोगों ने लखनऊ कंट्रोल रूम से लेकर एसीएमओ डॉ. केसी राय को जानकारी दी। इससे स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया। जिला मुख्यालय से डॉ. बृजेश शुक्ला और डॉ. आतिफ रामू के घर पहुंच गए। टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण किया। युवक स्वस्थ मिला। इसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। एसीएमओ डॉ. केसी राय ने बताया कि परीक्षण में युवक की हालत सामान्य मिली है। कुछ लोगों ने अफवाह फैलाई थी। इनकी शिनाख्त कर कार्रवाई की जाएगी।
कोरोना संदिग्ध मरीज के पहुंचने पर मचा हड़कंप
कन्नौज। जिला अस्पताल में शनिवार दोपहर करीब ग्यारह बजे के करीब एक चिकित्सक ने यात्रा कर लौटे युवक को कोराना संदिग्ध बताकर घर भेज दिया। जानकारी पर पहुंचे सीएमएस ने तत्काल सफाई कर्मियों को बुलाकर परिसर को सैनिटाइज कराया। जिला अस्पताल में शहर निवासी एक युवक हरिद्वार से यात्रा कर लौटा था। उसे खांसी, जुकाम व सर्दी लगने का अहसास हुआ तो वह जिला अस्पताल पहुंच गया। नाक, कान, गला रोग विशेषज्ञ डॉ.अनुभव कटियार ने परीक्षण किया। चर्चा है कि चिकित्सक ने कोरोना का संदिग्ध मरीज बता दिया था। सीएमएस ओपीडी पहुंचे। परिसर को सैनिटाइज कराया। मुख्य चिकित्साधिकारी कृष्ण स्वरूप ने बताया कि उसे सामान्य खांसी, जुकाम था। कोरोना वायरस के लक्षण नहीं थे। इससे चिकित्सक ने घर भेज दिया। सीएमएस ने बताया कि सैनिटाइज नहीं कराया गया। सामान्य तौर पर साफ-सफाई कराई गई है।