कन्नौज। सपा कार्यालय परिसर में शनिवार को महिला सम्मेलन के दौरान जय श्रीराम का नारा लगाने वाले युवक को देररात एसडीएम कोर्ट से जमानत मिल गई। इससे पहले सपा के सदर विधायक अनिल दोहरे ने युवक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर भी दी, लेकिन पार्टी हाईकमान के निर्देश पर एक घंटे बाद तहरीर वापस ले ली। विधायक ने युवक से पूरे घटनाक्रम पर बात भी की।
शनिवार को पूर्व सीएम अखिलेश यादव पार्टी कार्यालय में महिला सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। तभी गुगरापुर निवासी गोविंद शुक्ला पुत्र अशोक कुमार शुक्ला ने जय श्रीराम का नारा लगा दिया था। इससे आक्रोशित सपाइयों ने उसे पीट दिया था। पुलिस ने गोविंद शुक्ला पर खिलाफ शांतिभंग कार्रवाई की थी। रात करीब आठ बजे सदर विधायक अनिल दोहरे ने गोविंद शुक्ला के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। इसके बाद पार्टी हाईकमान के निर्देश पर उन्होंने एक घंटे बाद तहरीर वापस ले ली। सदर विधायक ने गोविंद शुक्ला से कोतवाली में बात भी की। पूछा कि आखिर उसने किसके कहने पर ऐसा किया। लेकिन युवक ने साफ कहा कि वह किसी के कहने पर कार्यक्रम में नहीं पहुंचा था।
वहीं, रात करीब 11 बजे युवक को एसडीएम सदर शैलेश कुमार की कोर्ट में पेश किया गया। जहां उसे जमानत मिल गई। गोविंद शुक्ला ने बताया कि किसी भी राजनैतिक दल से उसका संबंध नहीं है। वह स्वयं जनसभा में गया था। किसी के कहने या दबाव देने पर उसने जय श्रीराम का नारा नहीं लगाया। मौजूद कुछ लोगों ने जब धक्का दिया, तो उसने नारा लगाया था।
सदर कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि युवक के खिलाफ शांतिभंग कार्रवाई की गई थी उसे जमानत मिल गई है। सदर विधायक अनिल दोहरे की ओर से भी तहरीर दी गई है लेकिन बाद में उसे वापस ले लिया गया। उधर, सदर विधायक अनिल दोहरे ने बताया कि वह शनिवार रात को शिकायत करने के लिए कोतवाली गए थे लेकिन पार्टी हाईकमान से बात न हो पाने के कारण शिकायत नहीं की। युवक से जरूर पूछताछ की थी कि आखिर उसने कार्यक्रम के दौरान यह किसके कहने पर किया। हालांकि युवक ने किसी का नाम नहीं लिया और कहा कि वह अपनी मर्जी से सम्मेलन में गया था।
झोले में मिली संस्था की दो मोहर और फाइल
कन्नौज। गोविंद शुक्ला की खुफिया विभाग के अफसरों ने छानबीन की। इसके बाद सामने आया कि गोविंद शुक्ला एक साल से श्री उदय पर्यावरण महिला जीव सेवा समिति का संचालन कर रहा है। झोले में समिति की दो मोहर और एक फाइल मिली है। वह दो निजी कंपनियों में नौकरी कर चुका है। तीन साल पहले कौशल विकास केंद्र अलीगढ़ में पढ़ाता था। पिता की मौत के बाद अब घर पर रहकर एलएलबी कर रहा है।