सौरिख। सकरावा थाना क्षेत्र के ग्राम नगला अंगद में बुधवार को खेत में मवेशियों के लिए घास काटने गए युवक को कीड़े ने काट लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
ग्राम नगला अंगद निवासी ओमप्रकाश (36) खेत में घास काटने गए थे। घास काटते समय कीड़े ने काट लिया। जहर के प्रभाव से वह बेहोश होकर खेत में गिर पड़े। आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों की नजर जब अचेत पड़े ओमप्रकाश पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन उसे सीएचसी सौरिख लेकर आए। वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
युवक की असमय मौत से परिवार में मातम छा गया। पत्नी हेमलता का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता की मौत से बेटे कुनाल, आर्यन और अगम बदहवास हालत में हैं। सकरावा थानाध्यक्ष भागमल सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। सूचना मिलने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया जाएगा। (संवाद)