मामले की जानकारी लेते सीओ शिव कुमार थापा।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ(कन्नौज)। घर से लापता युवक का शव गांव के बाहर पेड़ से फांसी के फंदे पर झूलता मिला। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाया। युवक के आत्महत्या की वजह सामने नहीं आ सकी।
निगोह खास गांव निवासी छविराम (32) पुत्र रमेश चंद्र कठेरिया का शव गांव के बाहर बबूल के पेड़ पर लटका मिला। जानकारी पर विशुनगढ़ के प्रभारी निरीक्षक इंद्रपाल सरोज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। मामला छिबरामऊ थाना क्षेत्र का होने से उन्होंने कोतवाल शैलेंद्र कुमार मिश्रा को सूचना दी। सीओ शिव कुमार थापा फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने मौके से नमूने इकट्ठे किए। शव को फंदे से नीचे उतरवाया गया। युवक के शव पर पिता रमेश चंद्र, मां सरोजनी व पत्नी मधु का रो-रोकर बुरा हाल था।
छविराम के तीन पुत्र सूरज, आयुष, कन्हैया व पुत्री पारुल है। परिजनों ने बताया कि छविराम मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह गुरुवार शाम को घर से निकला था। रात भर घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की। पता नहीं चला। सुबह शव फांसी के फंदे पर शव मिला। ग्रामीणों ने दबी जुबान से बताया कि छविराम ने पारिवारिक कलह से परेशान होकर फांसी लगाई है। इस संबंध में सीओ शिव कुमार थापा ने बताया कि परिजनों की तहरीर के बाद युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।