सदर कोतवाली में मस्टर रोल लेकर पहुंचे सहायक कमांडेंट सुभाष चंद्र और कर्मचारी विनय कुमार।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। ड्यूटी लगाने के नाम पर करोड़ों के घोटाले के बाद से होमगार्ड विभाग में हड़कंप मचा है। शासन की टीम मस्टर रोल व दूसरे दस्तावेजों की जांच करेगी। दस्तावेज गायब होने या कोई गड़बड़ी पाए जाने पर शासन स्तर से कार्रवाई की जाएगी।
गौतमबुद्ध नगर, मेरठ और लखनऊ महानगरों में होमगार्ड जवानों की ड्यूटी लगाने के नाम पर करोड़ों का घोटाला सामने आने के बाद इनका मानदेय रोककर जांच शुरू की गई है। शासन के निर्देश पर जिला कमांडेंट कार्यालय में मास्टर रोल से लेकर विभागीय दस्तावेजों को सुरक्षित रख लिया गया है। शासन की एक टीम इन दस्तावेजों की जांच करने आएगी। अगर दस्तावेजों में सब कुछ ठीक-ठीक निकलता है तो होमगार्डों को जल्द मानदेय मिल जाएगा। गड़बड़ी सामने आने पर जिम्मेदारों पर कार्रवाई तय है।
वहीं सहायक जिला कमांडेंट सुभाष चंद्र और लिपिक कर्मचारी विनय कुमार मस्टर रोल तैयार कर मिलान के लिए शुक्रवार को सदर कोतवाली पहुंचे। यहां कोतवाली के लिपिक कर्मचारियों के साथ अक्तूबर माह में होमगार्डों की ड्यूटी के रोस्टर का मिलान किया गया। थाना प्रभारियों की संस्तुति के बाद टीम लखनऊ से आकर अवलोकन करेगी।