चपुन्ना। अहमदाबाद में तबीयत बिगड़ने के बाद युवक को कानपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। शुक्रवार सुबह युवक का शव गांव पहुंचा तो परिजन में चीख-पुकार मच गई। युवक की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सौरिख क्षेत्र के ग्राम शिवसिंहपुर निवासी हिमांशु पाल (22) अहमदाबाद की निजी कंपनी में नौकरी करता था। परिजन ने बताया कि पांच दिन पहले उसे तेज बुखार आया था। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी और उसे खूनी दस्त होने लगे। अहमदाबाद में उसका प्राथमिक इलाज कराया गया लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। स्वास्थ्य में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया।
परिजन हिमांशु को इलाज के लिए कानपुर ला रहे थे, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की जानकारी मिलते ही परिजन में चीख-पुकार मच गई। हिमांशु घर का सबसे बड़ा बेटा था। वह नौकरी कर परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभाल रहा था। छोटे भाई सुधांशु (15), विमल (12) और बहनें श्वेता (18) व बीनू (14) का रो-रोकर हाल है।