छिबरामऊ। रोडवेज बस में जहरखुरानी गिरोह ने नोएडा से आ रहे युवक को शिकार बनाया। युवक को बेहोश कर उसके पास से मोबाइल, नकदी समेत सामान लूट ले गए। बेहोशी की हालत में पुलिस ने उसे 100 शैया अस्पताल में भर्ती कराया। वहां कई घंटे इलाज के बाद भी युवक को होश नहीं आया।
रोडवेज बस के चालक व परिचालक एक युवक को बेहोशी की हालत में फर्रुखाबाद चौराहे पर उतारकर चले गए। युवक को पड़ा देख आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। जीटी रोड पर दुकानदार ने उसे पहचान कर चौराहे पर मौजूद पुलिस कर्मियों को सूचना दी। पुलिस ने युवक के परिजनों को जानकारी देने के बाद 100 शैया अस्पताल में उसे भर्ती कराया।
डॉ. हसीब ने बेहोश युवक का इलाज शुरू किया। वहीं, दूसरी तरफ अस्पताल पहुंचे फर्रुखाबाद के जहानगंज के ग्राम पतौंजा निवासी रवींद्र कुमार ने युवक की पहचान बेटे शिवम के रूप में की। उन्होंने बताया कि शिवम नोएडा में एक प्राइवेट कोरियर कंपनी में काम करता है। मंगलवार रात घर लौटने के लिए रोडवेज बस में बैठा था। उसका बैग, मोबाइल, पर्स, एटीएम समेत अन्य जरूरी अभिलेख गायब थे।