छिबरामऊ। कोटा चयन के दौरान विवाद की रंजिश में विपक्षियों ने रविवार को युवक को डायट के पास हाईवे के किनारे लाठी-डंडों से पिटाई कर मरणासन्न कर दिया। मारपीट का किसी ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। पुलिस घायल को सीएचसी ले गई। हालत गंभीर होने पर प्राथमिक इलाज के बाद रेफर कर दिया गया।
ग्राम सराय गूजरमल के राशन कोटे चयन के लिए 14 नवंबर को डायट परिसर स्थित प्राथमिक विद्यालय में खुली बैठक हुई थी। बैठक के दौरान कोटा चयन को लेकर आवेदक गौरव चतुर्वेदी व रामशंकर शर्मा के बीच गालीगलौज, मारपीट व पथराव हो गया था। विवाद के चलते चयन प्रक्रिया को आगे के लिए टाल दिया गया था। इस मामले में प्राथमिकी भी दर्ज की गई थी।
इसी क्रम में दोपहर में गौरव चतुर्वेदी मित्र सुभाष नगर निवासी हरी यादव के साथ बाइक से उसके बाबा की बरसी संस्कार के कार्ड बांटने जा रहा था। तभी कोटा चयन की लेकर शुरू हुई रंजिश के चलते विरोधियों ने उन्हें नेशनल हाईवे स्थित डायट के पास उसे घेर लिया। गालीगलौज करते हुए नेशनल हाईवे के किनारे रखे खोखे के बाहर लगे बांस लेकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। बचाने के लिए आसपास के लोगों के आने पर उसे मरणासन्न हालत में सड़क के किनारे छोड़कर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
मारपीट के दौरान किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी भेजा। यहां हालत गंभीर होने पर प्राथमिक इलाज के बाद घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कोतवाल विष्णुकांत तिवारी ने बताया कि घायल युवक के पिता सुरेश चंद्र चतुर्वेदी की तहरीर पर जांच शुरू कर दी गई है।