तिर्वा। पाला गांव के रहने वाले युवक की गुजरात में मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में चीखपुकार मच गई। परिजन गुरुवार को गुजरात के लिए रवाना हो गए।
क्षेत्र के पाला गांव निवासी स्वामी (35) मजदूरी करता था। परिजनों ने बताया कि 10 दिन पहले स्वामी गणेश उत्सव में मजदूरी करने के लिए गुजरात गया था। बुधवार रात को स्वामी की मौत की सूचना परिजनों को मिली। अचानक उसकी मौत से परिवार टूट गया है। स्वामी के घर पर पत्नी पूनम और दो छोटे बच्चे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण भी उनके घर पहुंचे और ढांढस बंधाया। परिजन शव को लाने के लिए गुजरात रवाना हो गए हैं। कोतवाल संजय कुमार शुक्ल ने बताया कि घटना गुजरात की है और स्थानीय पुलिस रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।