कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में धार्मिक स्थल के निकट शराब की दुकान खोले जाने से नाराज ग्रामीणों ने दुकान के सामने जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शराब बिक्री रुकवा कर लोगों को शांत कराया।
क्षेत्र के सलेमपुर तारा बांगर गांव में नई शराब की दुकान खोली गई है। शराब की दुकान दो मंदिरों के निकट है। जिसको लेकर क्षेत्रीय लोगों ने शुक्रवार को जिलाधिकारी को शिकायती पत्र दिया था। जिस में उक्त शराब दुकान को हटवाने की मांग की गई थी। जिलाधिकारी की ओर से अभी उक्त दुकान के संबंध में कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। जिला प्रशासन व आबकारी विभाग की ओर से कोई सख्त कार्रवाई जब नहीं हुई और शनिवार को दुकान पर शराब की बिक्री शुरू हो गई तो ग्रामीणों का धैर्य टूट गया। आक्रोश में आई गांव की मीना देवी, रेखा, राजेश्वरी, आशा, गुड्डी, सुनीता, राम लडै़ती व दर्जनों महिलाओं ने गांव के मधुर पाल, मुन्ना लाल, राम आसरे पाल, संजय कुमार, राम सच्चे, अमरीश, जितेंद्र, दिनेश चंद्र, राकेश पाल, शिव चंद्र, रमेश चंद्र , बब्लू, अरविंद, अमर सिंह पाल सहित कई लोग एकत्र होकर सुबह शराब की दुकान पर पहुंच गए।
लोगों ने पहले तो हंगामा किया जब दुकान नहीं हटी तो लोग जबरन हटाने का प्रयास करने लगे। इससे ग्रामीणों व ग्राम प्रधान के साथ विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना पर क्षेत्रीय दरोगा मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। मामला बढ़ता देख पुिलस ने शराब की दुकान बंद करा दी। ग्रामीणों का आरोप है कि शराब की दुकान चलने से गांव का माहौल खराब हो रहा है।