कन्नौज। पूर्ति विभाग द्वारा प्रशासनिक लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। महिला को मृत दर्शाकर उसका नाम राशन कार्ड सूची से काट दिया गया। अब नए आवेदन के लिए पोर्टल पर आधार वेरीफाई करने पर महिला को मृत दर्शाया जा रहा है। परेशान महिला ने सोमवार को सीडीओ से मामले की शिकायत की है। सीडीओ ने बीडीओ सौरिख को मामले की जांच सौंपी है।
विकास खंड सौरिख के ग्राम टडा रायपुर निवासी कमला देवी ने विकास भवन पहुंचकर मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास को शिकायती पत्र सौंपा। पीड़िता ने बताया कि उसके जीवित रहते सरकारी अभिलेखों में उन्हें मृत दर्शाया गया है। आरोप है कि किसी युवक की साजिश के चलते राशन कार्ड की लाभार्थी सूची से उनका नाम काट दिया गया। सूची में उनके नाम के आगे मृत अंकित कर दिया गया है। इससे उन्हें मुफ्त राशन का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
नए राशन कार्ड के लिए आवेदन करने के लिए जब जनसेवा केंद्र पहुंचीं, तो वहां भी तकनीकी दिक्कत आ गई। पोर्टल पर आधार दर्ज करते ही सिस्टम में उन्हें मृत दर्शाया जा रहा है, जिससे नया आवेदन भी नहीं हो पा रहा है। महिला ने सीडीओ से राशन कार्ड बहाल करवाने की गुहार लगाई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ ने निष्पक्ष जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सीडीओ का कहना है कि प्रकरण की जांच खंड विकास अधिकारी सौरिख को सौंपी गई है। साथ ही पूर्ति विभाग को भी पत्र लिखकर मामले की तकनीकी त्रुटि सुधारने और दोषियों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही महिला की समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।