चपुन्ना। छिबरामऊ उपकेंद्र के सामने सौरिख बिजली घर की अंडरग्राउंड 33 केवीए केबल में फाॅल्ट हो गया था, लाइन फॉल्ट होने से सौरिख कस्बे समेत 300 गांवों की बिजली गुल हो गई। भीषण गर्मी और उमस के बीच अंडरग्राउंड केबल की खोदाई कर फॉल्ट ठीक करने में बिजली कर्मियों को तीन दिन लग गए। फाॅल्ट सही होने के बाद सौरिख व सकरावा उपकेंद्र से जुडे़ इलाके में 52 घंटे से ठप पड़ी आपूर्ति रविवार देर रात बहाल हो गई।
सौरिख विद्युत उपकेंद्र की टीम ने एसडीओ अनिल राम के नेतृत्व में मशक्कत के बाद अंडरग्राउंड 33 केवीए लाइन की मरम्मत कर शाम चार बजे सप्लाई चालू करवा दी थी लेकिन 20 मिनट बाद ही 33 हजार वोल्ट की मेन लाइन दोबारा ट्रिप हो गई। स्थिति बिगड़ते देख चीफ इंजीनियर राहुल नंदा और अधीक्षण अभियंता प्रवीण कुमार खुद सौरिख पावर हाउस पहुंचे। दोनों अधिकारी देर रात दो बजे तक मौके पर डटे रहे और अपनी निगरानी में मरम्मत कार्य पूरा कराया। रात नौ बजे से ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली चरणबद्ध तरीके से चालू की जा सकी। 52 घंटे बाद आपूर्ति बहाल होने पर क्षेत्रीय उपभोक्ताओं और विभागीय अमले ने राहत की सांस ली।
नए पावर हाउस को जल्द शुरू करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसई प्रवीण कुमार ने बताया कि सौरिख पावर हाउस पर क्षमता से अधिक लोड होने की वजह से 33 हजार की मुख्य लाइन बार-बार ब्रेकडाउन हो रही है। चीफ इंजीनियर राहुल नंदा ने समस्या के स्थायी समाधान के लिए निर्माणाधीन गढ़ियापाह पावर हाउस के ठेकेदारों को युद्धस्तर पर काम पूरा करने के निर्देश दिए, जिससे नया उपकेंद्र शुरू कर सौरिख का लोड घटाया जा सके।