तिर्वा। साफ-सफाई और स्वच्छता का पाठ पढ़ाने वाला राजकीय मेडिकल कॉलेज खुद ही अव्यवस्थाओं के दलदल में फंसा है। परिसर में कई दिनों से जलभराव की समस्या है। जिम सेंटर के बाहर जमा गंदे पानी ने न केवल परिसर की व्यवस्था की पोल खोल दी है, बल्कि मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से यहां रहने वाले डॉक्टरों, फैकल्टी और कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
परिसर में रहने वाले डॉक्टरों, फैकल्टी और कर्मचारियों को स्वस्थ रखने के उद्देश्य से जिम सेंटर का निर्माण कराया गया था। जिम के बाहर ही कई दिनों से पानी भरा होने के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। जलभराव के चलते पानी में मच्छरों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। इससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा है। हैरानी की बात यह है कि जिस मेडिकल कॉलेज में मरीजों और उनके तीमारदारों को साफ-सफाई बनाए रखने की नसीहत दी जाती है, उसी परिसर में जिम्मेदारों की नजर के सामने गंदा पानी कई दिनों से जमा है।
सीएमएस डॉ. दिलीप सिंह ने मंगलवार को मेडिकल कॉलेज परिसर में साफ-सफाई अभियान की शुरुआत की थी। अभियान के दौरान परिसर को स्वच्छ रखने और गंदगी दूर करने पर जोर दिया, लेकिन जिम सेंटर के बाहर जमा पानी ने जिम्मेदारों की तैयारियों की हकीकत सामने ला दी है। प्राचार्य डॉ. पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि जल्द ही जलभराव की समुचित व्यवस्था कर परिसर में साफ-सफाई कराई जाएगी।