गुरसहायगंज। जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल, हर आंगन पानी का सपना साकार करने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य हर ग्रामीण परिवार को नल से जल की सुविधा प्रदान करना है। इस योजना से अब तक लाखों गांवों में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य और स्वच्छता में भी सुधार हो सके।
तालग्राम विकास खंड की ऐसी कई ग्राम पंचायतें हैं, जहां आज भी यह अभियान बेमतलब हैं। विकास खंड प्रशासन द्वारा जगह-जगह अभियान के बारे में प्रचार प्रसार किया पर धरातल पर काम पूरा नही हुआ। इसी को लेकर समाजसेवी इजी. ललित त्रिपाठी ने सवाल उठाते हुए कहा कि सिर्फ स्लोगन से हर घर में पानी नहीं पहुंचेगा। इसके लिए योजनाओं का सही क्रियान्वयन और निगरानी जरूरी है। उन्होंने बताया कि कई जगहों पर पाइप लाइनें बिछाई गई हैं, लेकिन पानी की आपूर्ति अभी भी समस्या बनी हुई है। फिर भी, यह पहल ग्रामीण जीवन को बेहतर बनाने का एक बड़ा कदम है। अगर इस योजना को सही तरीके से लागू किया जाए, तो जल संकट से जूझ रहे ग्रामीणों को राहत मिल सकती है। सरकार और समाज के सहयोग से ही इस योजना को सफल बनाया जा सकता है, जिससे हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंच सके।