गुरसहायगंज(कन्नौज)। बैंक में रुपये जमा करने गए व्यापारी के बैग से डेढ़ लाख रुपये पार हो गए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। रुपये निकालने वाले का चेहरा साफ नहीं दिख रहा। व्यापारी ने अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
कोतवाली के गांव पनगवां निवासी रामप्रताप की तिर्वा रोड पर खेती से संबंधित दवा व बीज भंडार की दुकान है। कस्बे के मुख्य चौराहे की बैंक ऑफ इंडिया में खाता है। रामप्रताप ने बताया कि वह शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे शाखा में रुपये जमा करने गए थे। कोरोना संक्रमण के कारण मुख्य गेट से एक बार में सिर्फ पांच लोग ही अंदर भेजे जा रहे थे। इससे वह लाइन में लग गए। कुछ देर बाद गार्ड ने गेट खोला। इस पर वह अंदर पहुंचे। इसके बाद काउंटर पर बैग रखकर चेन खोली। रुपये नहीं थे।
बैग से डेढ़ लाख की नगदी गायब होने पर वह सन्न रह गए। बाहर निकल कर रुपये निकालने वाले को इधर-उधर तलाश किया। पता नहीं चल पाया। इसके बाद बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में युवक चेन खोलकर बैग से रुपये निकालते दिखा। उसका चेहरा साफ नहीं दिखा। रामप्रताप ने चोर के खिलाफ तहरीर दी है।