निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही प्रशासन ने तेजी के साथ चुनाव की तैयारियों को लेकर मंथन शुरू कर दिया है। जिले की तीन नगर पालिकाओं व पांच नगर पंचायतों में इस बार 208179 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करके चेयरमैन व वार्ड मेंबर चुनेंगे। 138 वार्डों में चुनाव के लिए 116 मतदान केंद्र व 317 बूथ बनाए गए हैं।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कटियार ने बताया कि निकाय चुनाव की तैयारियां तेजी के साथ चल रही हैं। मतदान केंद्र व बूथों का लगभग काम खत्म कर लिया है। जल्द ही चुनाव में लगाए गए अधिकारी केंद्रों का निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे। यदि मतदान केंद्र पर पहुंचने के लिए किसी तरह की दिक्कत है तो उसे दुरुस्त कराया जाएगा। ताकि मतदान के लिए पहुंचने वाले मतदाताओं को किसी तरह की दिक्कत न हो। नगर पालिका कन्नौज के 25 वार्डों में 29 मतदान केंद्र व 73 बूथ बनाए गए हैं। नगर पालिका परिषद छिबरामऊ के 25 वार्डों में 25 मतदान केंद्र, 77 बूथ, नगर पालिका गुरसहायगंज में 25 वार्ड, 25 मतदान केंद्र, 57 बूथ, नगर पंचायत तालग्राम में 11 वार्ड, 7 मतदान केंद्र व 14 बूथ बनाए गए। नगर पंचायत सौरिख में 11 वार्ड, 9 मतदान केंद्र, 23 बूथ, नगर पंचायत सिकंदरपुर में 10 वार्ड, 5 मतदान केंद्र 10 बूथ, नगर पंचायत समधन में 16 वार्ड, 11 मतदान केंद्र, 33 बूथ और नगर पंचायत तिर्वागंज 15 वार्ड, 10 मतदान केंद्र व 30 बूथ बनाए गए हैं।