पंचायत चुनाव की मतगणना मंडी समिति परिसर में सुबह
सात बजे से भारी सुरक्षा, व्यवस्था के बीच शुरू हुई। मतगणना के दौरान
मतपत्रों में लगे निशान को लेकर कई बार एजेंटों और गणनाकर्मियों के बीच
नोकझोंक हुई। अफसरों ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया।
उधर, अबकी लोगों
ने छोटी संसद में ससुर और बहू दोनों को प्रधान पद पर जीत दिलाकर नया
इतिहास रचा है। दोपहर बाद चुनाव प्रेक्षक लोकेश कुमार ने मंडी समिति
पहुंचकर मतगणना स्थल और स्ट्रांग रूम का निरीक्षण कर जायजा लिया। उसके कुछ
देर बाद डीएम अनुज झा और एसपी कलानिधि नैथानी लावलश्कर के साथ मतगणना स्थल
पर पहुंचे और निरीक्षण कर निर्वाचन अधिकारी जीसी यादव, बीडीओ अनिल कुमार,
एसडीएम महेश प्रसाद दीक्षित, सीओ वीपी सिंह सोलंकी से जानकारी ली।
एसपी ने
तैनात पुलिसकर्मियों को कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के निर्देश दिए। मतगणना के
दौरान मंडी समिति के मुख्य गेट के बाहर प्रत्याशी समर्थकों की भीड़ पूरे
दिन डटी रही। जिससे हाईवे पर आवागमन बाधित रहा। हालांकि, कोतवाल अरविंद
मोहन जायसवाल ने आईटीबीपी जवानों के साथ भीड़ को नियंत्रण करने का पूरा
प्रयास किया, पर भीड़ के दबाव को देखते हुए जवानों ने सड़क पर लाठियां
पटककर भीड़ को काफी दूर तक खदेड़ा।
उधर, मतगणना के दौरान पूर्ति विभाग
को गणनाकर्मियों के लिए खाना और नाश्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। दोपहर
बाद लंच पैकेट वितरण का कार्य शुरू किया गया। काफी देर इंतजार के बाद जब
होमगार्ड और सिपाहियों को लंच पैकेट नहीं मिले तो धैर्य जवाब दे गया।
वह
सभी एकजुट होकर जहां लंच पैकेट बनाए जा रहे थे वहां धावा बोल दिया, जिससे
अफरातफरी मच गई। ग्राम पंचायत मुड़िया में प्रधानपद की प्रत्याशी कुसमा
देवी और श्यामा देवी के बीच हार-जीत का अंतर सिर्फ एक वोट का होने से कई
घंटे अफरातफरी मची रही। यहां एक दो नहीं बल्कि तीन बार काउंटिंग कराई गई,
पर इसके बाद भी लोग संतुष्ट नहीं हुए।
तब मामला डीएम के पास पहुंचा। डीएम
के निर्देश पर फिर एसडीएम व बीडीओ की देखरेख में चौथी बार मतों की गिनती की
गई, पर, हार-जीत के अंतर में कोई प्रभाव नहीं पड़ा। यहां कुसमा ने 279
मत पाकर श्यामा देवी को एक वोट से शिकस्त दी।
वहीं औराई के प्रधान पद के
प्रत्याशी उपेंद्र सिंह ने पुन: मतगणना कराने को निर्वाचन अधिकारी को लिखित
पत्र सौंपा, जबकि अंतपुर के प्रधान पद के प्रत्याशी अरविंद कुमार ने
मतगणना में धांधली का आरोप लगाते हुए रिकाउंटिंग की मांग की। सरायगूजरमल से
प्रधान पद के प्रत्याशी सत्यराम यादव ने भी निर्वाचन अधिकारी को पत्र
सौंपकर रिकाउंटिंग की मांग की। उधर, विकास खंड क्षेत्र में अबकी लोगों ने
छोटी संसद में ससुर और बहू दोनों को प्रधान पद पर जीत दिलाकर इतिहास रचा
है।
रामखेड़ा से अबकी पूर्व प्रधान रामऔतार ने जीत हासिल की है। उनके
परिवार में वर्ष 1958 से लगातार प्रधानी रही है। भरौली सिरकनेपुर से
रामऔतार के भतीजे संजय यादव की पत्नी बीना ने प्रधान पद पर जीत हासिल की
है। ससुर और बहू के जीत हासिल करने पर जश्न का माहौल है।