कन्नौज। माघी पूर्णिमा पर मेहंदीघाट पर श्रद्धालुओं के हुजूम को देखते हुए ट्रैफिक रूट में बदलाव किया गया है। शनिवार को जीटी रोड हरदोई मोड़ से होकर जाने वाले वाहनों को गंगा घाट के रास्ते हरदोई नहीं जाने दिया जाएगा। उस रूट के वाहन बिल्हौर होकर आगे जाएगे। इसी तरह हरदोई से आने वाले वाहन भी पुल से पहले ही मल्लावां की ओर मोड़ दिए जाएंगे।
गंगा स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओंं के पहुंचने की संभावना है। शुक्रवार की शाम से ही दूरदराज से श्रद्धालुओं का आना शुरू भी हो गया है। शनिवार की सुबह तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। गंगा स्नान के दौरान मेहंदीघाट पर श्रद्धालुओं का हुजूम रहेगा। इसी को ध्यान में रखते ही प्रशासन ने उस रूट के ट्रैफिक में बदलाव किया है। यातायात प्रभारी आफाक खान ने बताया कि जीटी रोड पर हरदोई मोड़ से बिलग्राम और मल्लावां की तरफ जाने वाले वाहनों को बिल्हौर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। हरदोई की ओर से आने वाले वाहनों को बक्शीपुर तिराहे से मेहंदी घाट की ओर आने वाले वाहनों को मल्लावां की तरफ डायवर्ट किया जाएगा । यह डायवर्जन भारी वाहनों के लिए पूर्ण रूप से रहेगा।
गुरसहायगंज और छिबरामऊ में भी ट्रैफिक में बदलाव
फर्रुखाबाद के रामनगरिया मेले को ध्यान में रखते हुए गुरसहायगंज से फर्रुखाबाद की तरफ भारी वाहन नहीं जा सकेंगे। छिबरामऊ से भी भारी वाहन फर्रुखाबाद की तरफ नहीं जा सकेंगे। यह व्यवस्था बुधवार की देर रात से शुरू हो गई है, जो गुरुवार की रात तक लागू रहेगी। यह डायवर्जन शुक्रवार की रात से ही प्रारंभ हो जाएगा।