इंदरगढ़। तिर्वा मार्ग पर मकरंदापुर गांव के पास रविवार दोपहर दो बजे अज्ञात वाहन ने बाइक सवार सब्जी विक्रेता को टक्कर मार दी। हादसे में सब्जी विक्रेता की मौत हो गई। जानकारी पर पहुंचे परिजनों ने मार्ग पर जाम लगा दिया। तीन घंटे तक मार्ग पर जाम लगा रहा। पुलिस ने परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया।
तिर्वा क्षेत्र के बौरापुर्वा गांव निवासी आलोक (45) सब्जी विक्रेता थे। परिजनों ने बताया कि आलोक बाइक से बेटी की ननद को सौरिख क्षेत्र के गाम नगला छोड़कर दोपहर में घर आ रहे थे। तिर्वा-इंदरगढ़ मार्ग पर ग्राम मकरंदापुर के निकट अज्ञात वाहन ने आलोक की बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में आलोक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जानकारी पर आलोक के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए और मुआवजा की मांग करते हुए मार्ग जाम कर दिया। तीन घंटे तक मार्ग पर जाम लगा रहा।
जाम लगने की सूचना पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र राजपूत और थाना प्रभारी पारुल चौधरी मौके पर पहुंच गईं। उन्होंने परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। तब परिजनों ने जाम हटवाया। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।