नहर विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते ग्रामीण।
- फोटो : नहर विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते ग्रामीण।
छिबरामऊ। मिघौली से निकाले गए खुबरियापुर माइनर को पक्का कराने का काम कराया जा रहा है। खल्ला रूपमंगदपुर के ग्रामीणों ने निर्माण में घटिया सामग्री प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए नहर विभाग के खिलाफ शनिवार को प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि गिट्टी व मौरंग के साथ बालू का प्रयोग हो रहा है। इससे पानी आने से पहले ही इसकी दीवारें दरकनी शुरू हो गई हैं।
बता दें कि मिघौली रजवाह से निकाला गया खुबरियापुर माइनर कुंवरपुर कंडौली तक बहता है। अभी तक यह माइनर कच्चा था। माइनर में गंदगी युक्त पानी में मच्छर पनपने के कारण डायट रोड पर बसी नई बस्ती में कई लोग डेंगू की चपेट में आ गए थे। लोगों की नाराजगी काे देखते हुए नहर विभाग ने डायट परिसर स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय से खल्ला रूपमंगदपुर तक करीब दो करोड़ के बजट से 1800 मीटर खुबरियापुर माइनर को पक्का कराने की स्वीकृत दी थी।
पिछले कई महीनों से निर्माण कछुआ गति से चल रहा है। खल्ला रूपमंगलपुर के आलोक दुबे ने बताया कि निर्माण कार्य में मानकों की खुलकर धज्जियां उड़ाई जा रही है। गिट्टी और मौरंग की जगह बालू का प्रयोग किया जा रहा है। घटिया निर्माण सामग्री प्रयोग किए जाने के कारण माइनर कई जगह दरकने लगा है। साथ ही सीमेंट का प्रयोग होने के कारण कई जगहों पर यह हाथों से ही उखड़ रहा है। गांव के राजेंद्र, उमेश चंद्र, हरिओम, गोपाल, दीवान शाक्य, विनीत का कहना है कि मानक के अनुरूप निर्माण न हुआ तो गांव के लोग एकजुट होकर नहर विभाग के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे।
अवैध कब्जाधारक कर रहे विरोध
अधिशासी अभियंता (सिंचाई खंड) सूर्यमणि सिंह ने बताया कि 1800 मीटर की दूरी में गांव के लोगों ने अवैध पुलियों का निर्माण करा लिया है। इनकों तुडवाने के निर्देश दिए गए हैं। विभागीय कार्रवाई के कारण गांव के लोग बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। विभाग के तीन जेई अश्वनी कुमार श्रीवास्तव, पंकज कुमार व अक्षय सिंह की देखरेख में निर्माण चल रहा है। जांच में यदि कमी पाई जाती है तो कार्रवाई के साथ ही उन स्थानों की मरम्मत कराई जाएगी, जहां घटिया निर्माण का प्रयोग हुआ होगा।