सीओ की गाड़ी के सामने लेटी महिलाएं।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ(कन्नौज)। छात्रा से लूट के मामले में दबोचे गए तीन युवकों में एक को छोड़ देने की अफवाह पर शनिवार को हंगामा हो गया। महिलाओं और किन्नरों ने तीनों पर कार्रवाई या फिर छोड़ देने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। महिलाएं सीओ कीबोलेरो के आगे लेट गईं। वहीं किन्नरों ने अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। करीब दो घंटे हंगामे के बाद जांच और कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर मामला थमा।
शनिवार को शिकोहाबाद की किन्नर रागिनी शर्मा, मधु, ज्योति व डिंपल के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं कोतवाली पहुंच गईं। किन्नरों ने कहा कि शिकोहाबाद में उनके साथ अखिलेश उर्फ लालजी ढोलक बजाता है। लालजी के साले गोविंद (निवासी गोपाल नगर, सरसई, इटावा) व उसके रिश्तेदार सुधीर (निवासी मोहन नगला, छिबरामऊ) को पुलिस फर्जी ढंग से एनडीपीएस एक्ट में जेल भेज रही है। इन्हीं के साथ पकड़े गए एक आरोपी मोहन नगला निवासी आरोपी को नाबालिग बताकर छोड़ा जा रहा है। ऐसे में सुधीर और गोविंद को भी छोड़ा जाए, या तीनों पर एक कार्रवाई हो। अनसुनी होने पर महिलाओं और किन्नरों ने हंगामा शुरू कर दिया। महिलाएं मुख्य मार्ग पर लेट गईं। पुलिस ने हटाने का प्रयास किया तो सीओ शिव कुमार थापा की बोलेरो के सामने लेट गईं। इन्हें हटाने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
सभी महिला कांस्टेबल को मौके पर बुला लिया गया। हंगामे के चलते मुख्य मार्ग पर कई बार जाम लगा। इसके बाद किन्नरों ने कोतवाली गेट पर अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। कोतवाल जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि किसी भी आरोपी को छोड़ा नहीं गया है। सभी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसके बाद मामला थमा। हालांकि इस कवायद में दो घंटे लग गए। वहीं देर शाम पुलिस ने गोविंद व सुधीर पर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर दी। तीसरे आरोपी को लेकर असमंजस बरकरार है।
छात्रा के साथ हुई थी लूट की वारदात
नगर के मोहल्ला रामपुर बैजू निवासी स्वाती पाल पुत्री उमेश चंद्र कानपुर में टीईटी की कोचिंग कर रही हैं। यह 10 नवंबर को देर शाम कानपुर से लौटीं। पूर्वी बाईपास पर बस से उतरने के बाद पैदल घर जाने लगीं। रोडवेज बस स्टाप के पास तीन युवकों ने कुंडल और मोबाइल छीन लिया था। छात्रा के शोर मचाने पर भीड़ लग गई थी। इन्होंने आरोपियों को दबोच लिया। इसके बाद अब पुलिस ने कार्रवाई की है।