कन्नौज। उपद्रव करने वाले अराजकतत्व अब पुलिस से नहीं बच सकेंगे। डीजीपी के निर्देश पर जिले में दौड़ रहे पुलिस के वाहनों में कैमरे लगाए जाएंगे। इससे अगर कहीं उपद्रवी हिंसा या मारपीट जैसे अपराध करते हैं, तो उन्हें आसानी से चिह्नित किया जा सकेगा।
जिले में पुलिस महकमे के पास 90 चार पहिया वाहन हैं। इनमें 68 थानों और पुलिस अधिकारियों के पास गाड़ियां हैं। यूपी 100 की 22 गाड़ियां हैं। डीजीपी ने सभी गाड़ियों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए हैं। कैमरों के साथ-साथ जीपीएस (ग्लोबल पोजीशनिंग सिस्टम) भी लगेगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भीड़ हिंसा या अफवाहों के चलते हिंसा के दौरान पुलिस मामले को शांत कराने में जुट जाती है। ऐसे में उपद्रवियों और आरोपियों की पहचान करने में दिक्कत होती है। पुलिस के वाहनों में लगे कैमरों से आसानी से आरोपियों को चिह्नित कर कार्रवाई की जा सकेगी।
वहीं जीपीएस लगने से थानाध्यक्षों, पुलिस टीमों पर पुलिस अधीक्षक की सीधी नजर होगी। एएसपी विनोद कुमार ने बताया कि शासन से आदेश मिलते ही कैमरे लगवाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।